गुना में 1060 करोड़ की सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास, सीएम बोले- अब चंबल में विकास की गूंज
गुना में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अडाणी समूह के प्रणव अडाणी ने जिले में बनने वाली सीमेंट फैक्ट्री का भूमि पूजन किया। इस परियोजना के पहले चरण में 1059 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा, जिससे लगभग 1500 लोगों को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
अडाणी समूह द्वारा इस प्रोजेक्ट में दो चरणों में कुल 3500 करोड़ रुपए निवेश किए जाएंगे। 32 हेक्टेयर में विकसित होने वाली इस यूनिट में हर साल 4 मिलियन टन सीमेंट का उत्पादन किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की पहचान कभी डकैतों और गोलियों की आवाज से होती थी, लेकिन अब यह इलाका विकास और निवेश के नए दौर का गवाह बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश तेजी से औद्योगिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा
वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस परियोजना को साकार होने में करीब 4 वर्षों का समय लगा और अब इसका परिणाम लोगों के सामने है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1923 में सिंधिया परिवार द्वारा बामौर में 60 हजार टन क्षमता की सीमेंट फैक्ट्री स्थापित कराई गई थी, जबकि अब 103 साल बाद 40 लाख टन क्षमता का आधुनिक प्लांट गुना में स्थापित होने जा रहा है। सिंधिया ने कहा कि “मोहन-ज्योति” की यह साझेदारी क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आई है। उनका दावा था कि आने वाले दो वर्षों में गुना के युवाओं को नौकरी की तलाश में दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।