मेधावी छात्रों को शिवराज सिंह चौहान ने बांटे लैपटॉप, 5 अक्टूबर से शुरू होगी निःशुल्क कोचिंग
रायसेन। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को रायसेन में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप देकर उनकी मेहनत को प्रोत्साहित किया गया।
इसी क्रम में रायसेन के सर्राफा व्यापारी योगेंद्र सोनी की बेटी नंदनी सोनी को भी लैपटॉप प्रदान किया गया। नंदनी ने संत फ्रांसिस कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, रायसेन से 12वीं कक्षा में 88 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
सम्मान के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने नंदनी की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रायसेन के बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, करियर और रोजगार से जुड़े हुनर में भी आगे बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, करियर काउंसिलिंग और स्किल ट्रेनिंग जैसी गतिविधियां आयोजित करने की बात कही गई।
5 अक्टूबर से शुरू होगी निःशुल्क कोचिंग
शिवराज सिंह चौहान ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग शुरू करने की घोषणा भी की। इसके लिए आवेदन फॉर्म 10 सितंबर से भरे जाएंगे, जबकि कोचिंग की कक्षाएं 5 अक्टूबर से शुरू होंगी।
इस पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन और बेहतर तैयारी का अवसर मिलने की उम्मीद है।