नकली खाद-बीज पर सरकार सख्त, संसद में आएगा नया पेस्टिसाइड और सीड एक्ट: शिवराज सिंह चौहान
बारां। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नकली खाद-बीज और अमानक कृषि आदानों की बिक्री पर सख्ती का संकेत दिया है। बारां में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार संसद में नया पेस्टिसाइड और सीड एक्ट लाएगी। प्रस्तावित कानून के तहत नकली कृषि सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दोषियों को सजा का प्रावधान किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को बारां में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से 1,258 करोड़ रुपये की लागत वाले 98 विकास कार्यों की सौगात दी गई। इसके साथ ही लगभग 2,400 करोड़ रुपये के ग्रामीण विकास कार्यों की शुरुआत भी की गई।
कार्यक्रम में किसानों से जुड़े विषयों पर बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र में नकली और घटिया उत्पादों की बिक्री को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए कानून के माध्यम से किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने आवास योजना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में 29 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के नियमों में बदलाव कर उन्हें आसान बनाया गया है। अब दुपहिया वाहन रखने वाले और 15 हजार रुपये प्रतिमाह तक आय वाले परिवार भी योजना का लाभ ले सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पात्र हितग्राहियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपीं। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों को 10 करोड़ रुपये का क्रेडिट लिंक दिया गया। वहीं, लखपति दीदियों को 8 करोड़ रुपये के चेक वितरित किए गए।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने वंदे मातरम गीत के कथित अपमान के मुद्दे पर सोनिया गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए नारों के बीच शिवराज सिंह चौहान ने ‘आई लव यू टू’ कहकर माहौल को उत्साह से भर दिया।
वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ईआरसीपी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बारां को ईआरसीपी योजना में शामिल किया गया है, जिससे जिले के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस परियोजना को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जबकि भाजपा सरकार ने इसे जमीन पर उतारने का काम किया।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बारां-झालावाड़ क्षेत्र में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पशुपालन को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।