किसानों की सुविधा पर जोर: कलेक्टर-एसडीएम को निर्देश, खरीदी केंद्रों पर हेल्प डेस्क और जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित; सीएमओ करेगा गेहूं खरीदी की निगरानी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में गुरुवार से शुरू होने वाली गेहूं खरीदी को लेकर प्रशासन को किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। सभी कलेक्टरों और एसडीएम को कहा गया है कि खरीदी केंद्रों पर पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो साथ ही, इस प्रक्रिया में सामाजिक और सेवाभावी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है पूरे खरीदी कार्य की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री निवास में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह बातें किसान संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद के दौरान कहीं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को राज्य में “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है और सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार निर्णय ले रही है।
गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ाने की तैयारी
उन्होंने गेहूं के समर्थन मूल्य को लेकर भी अपनी मंशा स्पष्ट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रति क्विंटल 2650 रुपए तक कीमत पहुंचाना आसान नहीं था, लेकिन सरकार इसे बढ़ाकर 2700 रुपए प्रति क्विंटल तक ले जाने के लिए प्रयासरत है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
खरीदी केंद्रों पर हेल्प डेस्क
व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए खरीदी केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से संचालित कंट्रोल रूम के जरिए पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसानों को जानकारी देने के लिए पंपलेट और होर्डिंग के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले मंगलवार को कैबिनेट बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को निर्देशित किया था कि 9 अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीदी में सबसे पहले लघु और सीमांत पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीद की जाए। इसके लिए स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। साथ ही, मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और प्रशासन तथा किसानों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।