केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान संग निखिल रिछारिया ने लगाया पौधा, अनोखे अंदाज में मनाया 32वां जन्मदिन
झांसी जिले के बड़ागांव निवासी निखिल रिछारिया ने अपना 32वां जन्मदिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए खास अंदाज में मनाया। फ्रेंडशिप डे के अवसर पर उन्होंने भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के राष्ट्रव्यापी ‘वृक्ष मित्र अभियान’ में भाग लिया और स्मार्ट सिटी पार्क में उनके साथ पौधारोपण किया।
2 अगस्त को जन्मदिन होने के कारण निखिल इस बार कुछ अलग और समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य करना चाहते थे। इसी दौरान उन्हें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू किए गए ‘वृक्ष मित्र अभियान’ की जानकारी मिली, जिसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से देशभर में अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देना है। इसके बाद उन्होंने इस अभियान से जुड़ने का निर्णय लिया।
इस विशेष अवसर पर निखिल अपनी दोनों बड़ी बहनों स्वीटी और निकेता तथा भाई उत्कर्ष रिछारिया के साथ भोपाल पहुंचे। स्मार्ट सिटी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को निखिल के जन्मदिन पर वृक्षारोपण करने की पूरी जानकारी मिली तो उन्होंने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही परिवार और उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दिलाया।
निखिल रिछारिया ने इस अवसर को अपने जीवन का सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ वृक्षारोपण करना उनके लिए यादगार अनुभव है और वे भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियानों से जुड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद भोपाल दूरदर्शन डीडी-1 की एंकर आशी चौहान ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जुलाई 2026 में ‘वृक्ष मित्र अभियान’ की शुरुआत की थी। इस अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता बढ़ाते हुए देशभर में निरंतर वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देना है।
इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के सबसे अच्छे मित्र हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा करने तथा फ्रेंडशिप डे जैसे अवसरों पर वृक्षारोपण कर समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
निखिल रिछारिया के इस अनोखे जन्मदिन समारोह से परिवार में भी खुशी का माहौल है। उनकी मां रानी रिछारिया और पिता सुनील रिछारिया ने जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया।