दतिया उपचुनाव: लाड़ली बहना योजना पर शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान, बोले- किया हुआ हर वादा पूरा होगा
दतिया। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रचार अभियान का आगाज किया। रविवार को दतिया पहुंचे शिवराज सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया और जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा देशहित और जनकल्याण की राजनीति करती है।
लाड़ली बहना योजना का किया उल्लेख
सभा के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने अपनी महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश से हुई थी और आज इसी तर्ज पर देश के कई राज्यों में महिलाओं के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं उन्होंने कहा कि इस योजना ने महिलाओं के सम्मान और आत्मविश्वास को नई पहचान दी है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “रघुकुल रीति सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई।” इसी भावना के साथ उन्होंने दोहराया कि महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये देने का जो वादा किया गया था, उसे पूरा करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री से राशि बढ़ाने का करेंगे आग्रह
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा योजना के तहत 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे कि इस राशि को बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह किया जाए। उनका कहना था कि जनता से किया गया वादा निभाना भाजपा की प्राथमिकता है।
साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
विकास को बताया भाजपा की जीत का आधार
दतिया उपचुनाव को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की जीत का विश्वास जताया उन्होंने कहा कि दतिया में भाजपा की जीत का सबसे बड़ा आधार विकास कार्य हैं। उनके अनुसार जनता विकास के नाम पर भाजपा को फिर से आशीर्वाद देगी।
राजनीति को बताया सेवा का माध्यम
अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राजनीति कोई व्यवसाय या शौक नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह भरते हुए नारा भी दिया—
“दतिया की धरती बोले, सुनो रे भैया कान लगाय,
अबकी फिर से कमल खिलेगा, भगवा ध्वज लहराय।”
कांग्रेस पर साधा निशाना
सभा के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में दतिया और आसपास के क्षेत्रों में कानून व्यवस्था कमजोर थी और शाम होने के बाद लोगों में भय का माहौल रहता था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने डकैतों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। उनके अनुसार, एक वर्ष के भीतर अधिकांश डकैत या तो मारे गए, जेल भेज दिए गए या फिर मध्य प्रदेश छोड़कर भागने पर मजबूर हुए।
भाजपा सरकार के विकास कार्यों का किया उल्लेख
शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया कि कांग्रेस ने प्रदेश को शिक्षा, सड़क और विकास के क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं दी। वहीं भाजपा सरकार ने आधुनिक विद्यालयों का निर्माण कराया, सड़क नेटवर्क मजबूत किया, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया और प्रदेश के विकास को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं विकास कार्यों के आधार पर दतिया की जनता भाजपा को फिर से विजयी बनाएगी।