10 साल बाद एमएसएमई विभाग में 217 कर्मचारियों को पदोन्नति, 116 नए पदों पर जल्द होगी सीधी भर्ती
भोपाल। मध्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग में लगभग एक दशक बाद बड़े स्तर पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की गई है। विभाग ने 217 कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान करते हुए रविवार को इसके आदेश जारी कर दिए। पदोन्नति के बाद 116 पद सीधी भर्ती के लिए रिक्त हो गए हैं, जिन पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है।
राज्य सरकार द्वारा विभागीय पदोन्नतियों को गति देने के निर्देशों के बाद उद्योग संचालनालय में विभिन्न संवर्गों की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक शीघ्र आयोजित की गई। समिति की अनुशंसा के आधार पर 5 जुलाई को कुल 217 कर्मचारियों की पदोन्नति संबंधी अधिसूचना जारी की गई।
विभिन्न संवर्गों में हुई पदोन्नतियां
जारी आदेश के अनुसार अधीक्षक के 1 पद, सहायक अधीक्षक के 3 पद, सहायक वर्ग-1 के 43 पद, सहायक वर्ग-2 के 131 पद, सहायक वर्ग-3 के 14 पद तथा निज सहायक के 25 पदों पर पदोन्नति दी गई है।
सीधी भर्ती के लिए 116 पद हुए उपलब्ध
विभाग के मुताबिक पदोन्नतियों के बाद 116 पद रिक्त हो गए हैं, जिन्हें सीधी भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। इससे लंबे समय से खाली पड़े पदों पर नियुक्तियां हो सकेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
कर्मचारियों में खुशी का माहौल
करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद बड़े पैमाने पर पदोन्नतियां मिलने से विभागीय कर्मचारियों में उत्साह देखा जा रहा है। कर्मचारी संगठनों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। लंबे समय से लंबित पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को इस फैसले से बड़ी राहत मिली है।
अधिकारियों की डीपीसी भी जल्द
एमएसएमई विभाग ने अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी भी पूरी कर ली है। अधिकारियों के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक जल्द आयोजित करने का प्रस्ताव मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से भेजा जाएगा। इसके बाद अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया भी शुरू होने की उम्मीद है।