एमपी में शिक्षकों के लिए बड़ी राहत: 35 साल सेवा पर चौथा टाइम स्केल लागू, मिलेगा करीब ₹2 लाख तक एरियर

मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार द्वारा चतुर्थ क्रमोन्नति (फोर्थ टाइम स्केल) लागू करने का निर्णय लिया गया है, जिसके आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी कर दिए हैं।

अब तक शिक्षकों को 12, 24 और 30 वर्षों की सेवा पूरी करने पर क्रमोन्नति का लाभ दिया जाता था, लेकिन नए फैसले के तहत 35 साल की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को भी अतिरिक्त वेतनमान का फायदा मिलेगा। इस व्यवस्था को 1 जुलाई 2023 से प्रभावी माना जाएगा।

इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.5 लाख शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा। अनुमान है कि पात्र शिक्षकों को करीब 1.25 लाख रुपए से लेकर 1.80 लाख रुपए तक का एरियर प्राप्त होगा।

खासतौर पर शिक्षकों के लिए राहत

यह कदम खासतौर पर उन शिक्षकों के लिए राहत लेकर आया है, जो पदोन्नति नहीं पा सके, लेकिन लंबी सेवा दे चुके हैं। अब उन्हें क्रमोन्नति के माध्यम से उच्च वेतनमान दिया जाएगा। यह लाभ प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को उनके पद के अनुसार प्रदान किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, 35 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को उच्चतर पे-लेवल दिया जाएगा, जिससे उनकी मासिक आय में भी बढ़ोतरी होगी। इस प्रस्ताव को वित्त विभाग से भी मंजूरी मिल चुकी है।

शिक्षक दिवस पर सीएम ने की थी घोषणा

गौरतलब है कि इस योजना की घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षक दिवस के अवसर पर की थी। बाद में कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद इसे अब लागू कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले का वित्तीय असर भी सामने आया है। 1 जुलाई 2023 तक 35 साल की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को एरियर दिया जाएगा, जबकि 2023 से 2026 के बीच सेवा अवधि पूरी करने वालों को उनकी पात्रता की तिथि से भुगतान किया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था से राज्य सरकार पर लगभग 117 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

इस तरह शिक्षकों को मिलेगा लाभ

सहायक शिक्षक को 35 साल की सेवा पूरी होने पर चतुर्थ वेतनमान के तहत 15,600 से 39,100 रुपए और 5,400 रुपए ग्रेड-पे मिलेगा। सातवें वेतनमान में यह एल-12 के अंतर्गत 56,100 से 1,77,500 रुपए होगा।

यूडीटी (शिक्षक) को 15,600 से 39,100 रुपए और 7,600 रुपए ग्रेड-पे मिलेगा। सातवें वेतनमान में एल-14 के अंतर्गत यह 79,900 से 2,11,700 रुपए होगा।

प्राथमिक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक (खेल), प्राथमिक शिक्षक (संगीत-गायन/वादन), प्राथमिक शिक्षक (संगीत-नृत्य), प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) और प्राथमिक शिक्षक (आईटी) को 35 साल की सेवा पूरा होने पर 15,600 से 39,100 रुपए और 5,400 रुपए ग्रेड-पे मिलेगा। सातवें वेतनमान में एल-12 के अंतर्गत इनका वेतन 56,100 से 1,77,500 रुपए हो जाएगा

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
Hello 👋
For more details contact us