खजुराहो में विश्व योग दिवस के भव्य आयोजन से मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा: विष्णुदत्त शर्मा

छतरपुर। योग को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित कराने वाले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार जताता हूं कि उन्होंने खजुराहो को देश के उन 75 शहरों में शामिल किया, जहां विश्व योग दिवस के भव्य कार्यक्रम आयोजित किये जाने थे। प्रधानमंत्री जी के इस निर्णय से जहां स्थानीय लोगों, युवाओं, छात्र-छात्राओं में योग के प्रति रुचि जागृत होगी, वहीं वर्ल्ड हैरिटेज साइट खजुराहो में पर्यटन को और ज्यादा बढ़ावा मिलेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को खजुराहो में विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह में स्थित कंदारिया महादेव मंदिर के सामने आयोजित कार्यक्रम में लगभग 2000 स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं और नागरिकों ने ड्रेस कोड के साथ योग अभ्यास किया।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि योग निरोग रहने का साधन तो है ही, यह भारतीय संस्कृति का प्रतीक भी है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने योग के माध्यम से भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर स्थापित किया है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के अनुरूप सारी दुनिया को एक परिवार मानते हैं। उन्होंने सर्वे भवन्तु सुखिन:, सर्वे संतु निरामय: यानी सारी दुनिया को निरोगी बनाने के लिए योग को विश्व स्तर पर मान्यता दिलाई है।

आपस में जुड़ेंगे योग और पर्यटन

शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि खजुराहो में अंतरराष्ट्रीय योग केंद्र शुरू करने के लिए उनकी आयुष मंत्रालय से बातचीत चल रही है। मुझे विश्वास है कि जल्द ही यह कल्पना मूर्त रूप ले लेगी। जिसके बाद खजुराहो आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को योग से जुड़ने का भी अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के लाइव संबोधन से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने छात्र छात्राओं, नागरिकों के साथ योग अभ्यास किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, जिला महामंत्री अरविंद पटेरिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
Hello 👋
For more details contact us