कूनो में चीता मित्रों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री आवास पर गुरुवार देर शाम हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने चीतों के आगमन की तैयारियों की समीक्षा की।

भोपाल- दक्षिण अफ्रीका से शनिवार को कूनो नेशनल पार्क लाए जा रहे 12 चीतों का स्वागत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव करेंगे।

मुख्यमंत्री शनिवार सुबह 10:30 बजे पार्क पहुंचेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री शुक्रवार की शाम को ही पार्क पहुंच जाएंगे। चीते लेकर वायु सेना का हेलिकाप्टर शनिवार सुबह 11:30 बजे पार्क पहुंचेगा और दोपहर 12:30 बजे सभी चीतों को लकड़ी के बाक्स से क्वारंटाइन बाड़ों में छोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री आवास पर गुरुवार देर शाम हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने चीतों के आगमन की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री इस मौके पर चीता मित्रों से संवाद भी करेंगे।

बैठक में अपर मुख्य सचिव वन जेएन कंसोटिया, वन बल प्रमुख आरके गुप्ता, ग्वालियर के संभागायुक्त, श्योपुर कलेक्टर, पार्क के संचालक सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि वन विभाग को अब तक उनके आने की सहमति प्राप्त नहीं हुई है।

भारत के लिए यात्रा शुरू करेंगे चीते

वन अधिकारियों ने बताया कि 12 चीतों को लेकर भारतीय वायुसेना का परिवहन विमान शुक्रवार शाम दक्षिण अफ्रीका के गौटेंग स्थित ओआर टैंबो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भारत के लिए उड़ान भरेगा। करीब 15 घंटे की यात्रा के बाद यह विमान सुबह 10 बजे ग्वालियर हवाई अड्डा पहुंचेगा। यहां चीतों का स्वास्थ्य परीक्षण होगा। करीब आधा घंटे बाद वायु सेना का हेलिकाप्टर चीतों को लेकर पार्क के लिए उड़ान भरेगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
Hello 👋
For more details contact us