हार्ट अटैक पर बढ़ती चिंता: जिला स्तर तक त्वरित इलाज की तैयारी, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में चिकित्सा प्रकोष्ठ के सेवा प्रकल्प का शुभारंभ करते हुए स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कोविड के बाद हार्ट अटैक से मौतों में तेजी आई है, खासकर युवाओं में अचानक हो रही मौतें चिंता का विषय बन गई हैं।
सीएम ने बताया कि सरकार अब संभाग स्तर से आगे बढ़ते हुए जिला स्तर तक हृदय रोगियों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। फिलहाल कुछ जिलों में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, जिसे जल्द ही पूरे मध्यप्रदेश में लागू किया जाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम आंबेडकर जयंती के मौके पर आयोजित किया गया था।
इस सप्ताह 33% महिला आरक्षण पर लिया जा सकता है बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर भी बड़ा संकेत देते हुए कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का निर्णय ले सकती है। उन्होंने इसे 21वीं सदी का अहम और ऐतिहासिक कदम बताया। वही दिन में मुख्यमंत्री महू स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और बुद्ध वंदना की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का योगदान देश के लिए प्रेरणादायक है सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अंतर्जातीय विवाह करने वाले नवदंपतियों को 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है, ताकि समाज में भेदभाव को खत्म किया जा सके।