रोजगार मेले में युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

भोपाल- देशभर में आयोजित हो रहे रोजगार मेलों की कड़ी में शुक्रवार को भोपाल स्थित केंद्रीय कार्यालयों का मेला आयोजित किया गया। भोपाल में मेले के आयोजन की जिम्मेदारी आयकर विभाग को सौंपी गई थी। सुबह दस बजे यह कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें मुख्य रूप से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व विभिन्न विभागों के केंद्रीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित एक सौ चालीस उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें से 27 को केंद्रीय मंत्री तोमर ने स्‍वयं नियुक्‍ति पत्र सौंपे। इन्‍हें आयकर, रेलवे, डाक-तार, जीएसटी एवं बैंकिंग विभाग सहित अन्‍य विभागों में नियुक्‍तियां दी गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। दुनिया के राजनीतिक मंच पर भी भारत की साख, भारत की ताकत बढ़ रही है। आज हम मदद मांगने वाले नहीं, मदद देने वाले देश बने हैं। कोरोना काल में हमने न केवल देशवासियों को टीके लगाए, बल्कि अनेक देशों की भी मदद की। आजादी का यह अमृतकाल युवा पीढ़ी के लिए स्वर्ण युग है। यह परिवर्तन का दौर है। देश की आजादी के जब सौ वर्ष पूरे होंगे, तो हिंदुस्‍तान नए राष्‍ट्र के रूप में नजर आएगा, नई ताकत के रूप में नजर आएगा। हिंदुस्‍तान दुनिया का नेतृत्‍व करने वाले विकसित राष्‍ट्र के रूप में उभरकर वैश्‍विक राजनीतिक मंच पर सामने आएगा।

उन्‍होंने आगे कहा कि एक समय था जब हिंदुस्‍तान की छवि सामान्‍य तौर पर गरीब, रूढ़िवादी, पिछड़े देश के रूप में थी। यह माना जाता था कि हिंदुस्‍तान के लोग कहीं जाएंगे तो आमतौर पर कुछ न कुछ उस देश से मांगने का काम करेंगे। लेकिन यह परिवर्तन का दौर है। आज हम मदद मांगने वाले नहीं, आधी दुनिया को मदद करने में समर्थ होने वाले देश बन गए हैं।

उन्‍होंने नवनियुक्‍त अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि आप सब नई पीढ़ी के लोग हैं। नई चुनौतियां आपके सामने हैं। उनका समाधान करते हुए हम कैसे अपने हिंदुस्‍तान को विश्‍वगुरु के पद पर प्रतिष्‍ठित कर सकते हैं, यह बात नौकरी करते हुए भी हमारे जेहन में हमेशा रहनी चाहिए। हम जहां भी जिस जिम्मेदारी में रहें, अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
Hello 👋
For more details contact us