आज से शुरू होगी सीएम किसान हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागृह में आज कृषि कर्मयोगी उन्नमुखीकरण प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे और एग्रीकल्चर एक्सपर्ट्स के साथ संवाद भी करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा किसान कल्याण को मजबूती देने के उद्देश्य से सीएम किसान हेल्पलाइन, किसान कल्याण डैशबोर्ड और पैक्स सदस्यता वृद्धि अभियान की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्य मंत्री लखन पटेल और मत्स्य विकास मंत्री नारायण सिंह पवार समेत कई अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अलग-अलग सत्रों को ये वक्ता संबोधित करेंगे
कार्यशाला में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा अलग-अलग सत्रों को संबोधित किया जाएगा। इनमें ई-विकास और उर्वरक वितरण प्रणाली, प्राकृतिक खेती का विस्तार, किसान कल्याण वर्ष 2026 के लिए अभिमुखीकरण, खरीफ-रबी फसलों की जिला योजना, eHRMS क्रियान्वयन, सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली, नरवाई प्रबंधन, उद्यानिकी बीज उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़े विषय शामिल रहेंगे। इस कार्यशाला के जरिए कृषि से जुड़े कर्मियों को नई योजनाओं, तकनीकों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे किसानों तक लाभ तेजी से पहुंचाया जा सके।