बीजेपी दफ्तर से मिलेगी स्वास्थ्य सलाह: आज सीएम और प्रदेशाध्यक्ष करेंगे हेल्पलाइन की शुरुआत, आर्थिक सहायता का भी मिलेगा मार्गदर्शन
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए आज का दिन अहम साबित होने जा रहा है। संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर शाम 5 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प’ की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इस पहल का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।
इस सेवा केंद्र के शुरू होने के बाद कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को गंभीर बीमारियों के इलाज और चिकित्सकीय परामर्श के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अब एक ही जगह पर जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
हेल्पलाइन से घर बैठे सलाह
कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए आज से दो मोबाइल नंबर—9203597200 और 9203697200—सक्रिय किए जा रहे हैं। इन नंबरों पर संपर्क कर पार्टी के सदस्य और उनके परिवारजन घर बैठे अनुभवी डॉक्टरों से सलाह ले सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ‘स्वस्थ कार्यकर्ता, सशक्त संगठन’ की सोच को मजबूत करना है।
बीजेपी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल ने बताया कि यह सेवा प्रकल्प प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को स्वास्थ्य सुरक्षा के रूप में जमीन पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विशेषज्ञों की टीम देगी सेवाएं
प्रदेश कार्यालय में एक विशेष कक्ष तैयार किया गया है, जहां चिकित्सा विशेषज्ञों का पैनल अपनी सेवाएं देगा। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श के साथ-साथ आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी मौके पर किया जाएगा इस प्रकल्प में कैंसर, हृदय रोग और किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता होने पर ‘रक्तदान टीम’ भी सक्रिय रहेगी।
आर्थिक सहायता के लिए भी मदद
आर्थिक रूप से कमजोर कार्यकर्ताओं के लिए यह केंद्र बड़ी राहत लेकर आया है। आवश्यक दस्तावेज जैसे अस्पताल का अनुमानित खर्च और आय प्रमाण पत्र जमा करते ही टीम सहायता प्रक्रिया शुरू कर देगी।
यह टीम मुख्यमंत्री सहायता कोष और स्वेच्छा अनुदान के लिए अनुशंसा करेगी और राशि स्वीकृत होने तक अस्पताल से समन्वय बनाकर पूरी प्रक्रिया का फॉलो-अप भी करेगी। इससे दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले कार्यकर्ताओं को समय पर इलाज मिल सकेगा।
डिजिटल ट्रैकिंग और मोबाइल ऐप की तैयारी
सेवा प्रकल्प को आधुनिक स्वरूप देने के लिए सभी आवेदनों की डिजिटल निगरानी शुरू कर दी गई है। जल्द ही एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे कार्यकर्ता सीधे अपने फोन से सहायता के लिए आवेदन कर सकेंगे इसके अलावा, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से इस योजना की जानकारी प्रदेश के हर बूथ स्तर तक पहुंचाने का अभियान भी तेज कर दिया गया है।